(MAHARASHTRA, India)
फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लगातार बढ़ती आग से निपटने के लिए नेवी के हेलिकॉप्टर का भी सहारा लेना पड़ा है। 22 मंजिला इस इमारत में ऐक्टर ऋतिक रोशन और संजीव कपूर के ऑफिस हैं। दमकल कर्मियों के मुताबिक अंधेरी लिंक रोड पर स्थित लोटस बिजनस पार्क की 21वीं मंजिल पर आग की लपटें शुरू हुईं और बाद में 20वीं मंजिल तक फैल गईं। इमारत की लिफ्ट में अभी भी 30 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की बात सामने आ रही है। धुएं की वजह से लोगों को निकालने में दिक्कत आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया, 'हमें सुबह 11 बजे के करीब फोन आया जिसमें बताया गया कि एक व्यावसायिक इमारत में आग लग गई है। शुरुआत में हमने सोचा कि यह ग्रेड-1 प्रकार की आग होगी और हमने चार दमकल की गाड़ियां भेज दीं। फिलहाल आग ग्रेड-2 स्तर तक पहुंच चुकी है और हमने 12 दमकल वाहन और 9 पानी के टैंकों को तैनात किया है।' उन्होंने बताया कि इमारत की ऊपरी दो मंजिलों में लगी आग पर अभी काबू नहीं किया जा सका है। जिन दो ऊपरी मंजिल पर आग लगी थी वहां काफी धुंआ है। इस वजह से वहां काम करने वाले लोगों को निकालना थोड़ा मुश्किल हो रहा था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।