जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की जीत, यशवीर सूरा बने प्रमुख
(Amber, Jaipur) जयपुर जिला परिषद प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के यशवीर सूरा ने जीत हासिल की है। मतदान में यशवीर सूरा को 42 वोट मिले, जबकि भाजपा के उम्मीदवार राजेश गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए। जिला परिषद की कुल 57 सीटों में कांग्रेस के 42, भाजपा के 13 और आरएलपी के 2 सदस्य थे। भाजपा को अपने निर्वाचित सदस्यों से एक वोट अधिक मिला, जबकि आरएलपी के दो सदस्यों में से एक मतदान के लिए नहीं पहुंचा।

मतदान के दौरान हुआ हंगामा

वोटिंग के बीच जिला परिषद परिसर के मुख्य गेट पर हंगामे की स्थिति बन गई। कांग्रेस के नेता अंदर जाने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद पुलिस जवानों के साथ उनकी खींचतान हुई। इस दौरान कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी की पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। हालांकि, बातचीत के बाद मामला शांत हो गया। इससे पहले नामांकन के दौरान भाजपा नेताओं को भी अंदर जाने से रोका गया था।

यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं सूरा

कांग्रेस ने बुधवार सुबह ही यशवीर सूरा के नाम की आधिकारिक घोषणा की थी। सूरा जयपुर जिला परिषद के वार्ड नंबर 28 से सदस्य हैं। वे यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। जिला प्रमुख चुनाव में जीत के साथ अब वे जयपुर जिला परिषद की कमान संभालेंगे।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।