इराक: बगदाद में बम विस्फोटों से 27 की मौत
(International) कल हुए हमले पिछले महीने अतिवादी समूह इस्लामिक स्टेट के नेतृत्व में विद्रोहियों द्वारा इराक में अभियान शुरू करने के साथ देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मोसुल पर कब्जा करने के बाद हुए सबसे विध्वंसक हमलों में से एक हैं। मोसुल पर विद्रोहियों के कब्जे के बाद सरकार ने बगदाद को खोने की आशंका को देखते हुए इसे लेकर आक्रामक रूख अपनाया। हाल के हफ्तों में शहर में कुछ बड़े हमले देखे गए। अधिकारियों ने बताया कि आज शिया बहुल अबु दाशिर इलाके में सबसे जानलेवा हमले हुए। यहां एक आत्मघाती हमलावर ने एक जांच चौकी पर विस्फोटकों से भरी कार घुसा दी जिससे कम से कम नौ लोग मारे गए और 19 घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों में चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद दिन में 10 मिनट से भी कम समय के भीतर राजधानी के दूसरे इलाकों में तीन कारों में विस्फोट हुए। ये हमले बया, जिहाद और खाजिमियाह जिलों में हुए। इन हमलों में कम से कम 15 लोग मारे गए और 42 अन्य घायल हो गए। खाजिमियाह में एक बस स्टॉप के पास हुए एक दूसरे बम हमले में तीन लोग मारे गए और 15 अन्य घायल हो गए। बगदाद स्थित अस्पताल अधिकारियों ने आज हुए सभी हमलों में मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।