यूक्रेन के रूस समर्थक विद्रोही मलेशिया को हादसे के शिकार उसके विमान एमएच17 के यात्रियों के शव उसे सौंपने को राजी हो गए हैं। पूर्वी यूक्रेन के अलगाववादी गुट के नेता अलेक्जेंडर बोरोदई और मलेशिया के बीच बनी सहमति के तहत विद्रोही हादसे के शिकार उस बोइंग 777 विमान के दो ब्लैक बॉक्स भी मलेशियाई दल को सौंप देंगे। मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक ने सोमवार को कुआलालंपुर में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि विद्रोहियों ने अंतरराष्ट्रीय जांचकर्ताओं को विमान दुर्घटना की जगह तक सुरक्षित पहुंचने और जांच करने के लिए सुरक्षा की गारंटी भी दी है। इस बीच विमान दुर्घटना की जगह से शवों को लेकर ट्रेन विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्वी यूक्रेन स्थित शहर तोरेज से रवाना हो गई है। इससे पहले यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री ने कहा था कि शवों को नीदरलैंड्स ले जाने के पहले यह ट्रेन यूक्रेन के पूर्वी भाग में स्थित शहर खारकीव जाएगी। इससे पहले 272 शव बरामद किए जाने की खबर थी ट्रेन में नीदरलैंड्स के फॉरेंसिक विशेषज्ञ शवों की जांच कर रहे थे। पहले यूक्रेन के प्रधानमंत्री आर्सेनी यात्सेन्युक ने बताया था कि कि मलबे से अब तक 272 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से 251 शवों को तोरेज स्टेशन पर रेफ्रिजरेटेड ट्रेन में रखा गया है और इन्हें नीदरलैंड्स को सौंपा जा सकता है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।