चीन ने एक बार फिर आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान और उसकी शातिर खुफिया एजेंसी आइएसआइ को क्लीनचिट दी है। अफगानिस्तान में चीन के नए विशेष दूत सुन युशी ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सकारात्मक योगदान दिया है। भारत में भी चीन के राजदूत रह चुके युशी ने सोमवार को ये बातें कही। जब उनसे हेरात में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमले में पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की भूमिका के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान सरकार अफगानिस्तान के शांतिपूर्ण विकास एवं पुनर्निर्माण में पूरा सहयोग देगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई में सहयोग करती रहेगी। हेरात हमले में आईएसआई की भूमिका पर उन्होंने कहा कि सेना और सरकार के एक अंग के तौर पर यह खुफिया एजेंसी मजबूत तरीके से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। इस विशेष मामले से जुड़े मसलों पर मैं काफी समय से ध्यान नहीं दे रहा हूं। मगर मुझे पूरा यकीन है कि पाक सरकार और वहां की जिम्मेदार एजेंसियां आतंकवाद के खिलाफ ही लड़ रही हैं। मुझे पूरा यकीन है कि पाकिस्तान और आइएसआइ आतंकवादी समूहों के साथ मिले हुए नहीं हैं। उन्होंने अपने देश के आतंकी संगठन ईस्ट तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट पर कार्रवाई की मांग भी की।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।