अभिनेत्री रम्भा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
(India) बंजारा हिल्स थाने की पुलिस ने रम्भा और उनके भाई पी श्रीनिवास राव के खिलाफ दहेज रोकथाम कानून की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। श्रीनिवास की पत्नी पी पल्लवी के अदालत का रूख करने के बाद यह मामला दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पल्लवी का आरोप है कि श्रीनिवास और परिवार के अन्य सदस्य उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पल्लवी ने अदालत का रूख कर पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दिए जाने की मांग की थी। पुलिस उपायुक्त वी सत्यनारायण ने बताया, ‘‘यह अदालत की ओर से भेजा गया मामला है । अदालत के निर्देश पर दहेज प्रताड़ना का एक मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में रम्भा को नामजद आरोपी बनाया गया है । हम गवाहों से पूछताछ कर रहे हैं। मामले की जांच चल रही है।’’ पल्लवी ने श्रीनिवास से 1999 में शादी की थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं। डीसीपी ने बताया कि दंपति के बीच कुछ विवाद के बाद पल्लवी अपने माता-पिता के साथ रह रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।