लखनऊ मर्डर केस : 'पीड़िता का हुआ बलात्कार, एक से अधिक लोग थे शामिल'
(BakshiKaTalab**, Lucknow) सूत्रों ने बताया कि महिला के साथ बलात्कार में एक से ज्यादा व्यक्तियों के शामिल होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। महिला के साथ बलात्कार होने के दावे पुलिस की थ्योरी से अलग हैं। पुलिस ने कहा था कि महिला के साथ बलात्कार नहीं हुआ था बल्कि बलात्कार करने में नाकाम होने पर आरोपी ने महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने यह भी कहा था कि महिला की हत्या में एक ही व्यक्ति शामिल था। पुलिस ने कहा था कि आरोपी ने महिला के साथ बलात्कार करने की कोशिश की और जब वह इसमें कामयाब नहीं हो सका तो उसने महिला पर जानलेवा हमला किया। आरोपी ने महिला के गुप्तागों पर वार किए। इस हमले में महिला का काफी मात्रा में रक्तस्राव हुआ जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी राम सेवक यादव को गिरफ्तार किया। राम सेवक एसजीपीजीआई में सुरक्षा गार्ड है। जबकि जांच में लापरवाही बरतने पर राज्य सरकार ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। महिला की हत्या के मामले में फोरेंसिक जांच की दो रिपोर्ट पुलिस को मिल गई हैं, जबकि पांच रिपोर्ट अभी मिलनी बाकी हैं। सारी रिपोर्ट मिलने पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। लखनऊ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया, ‘मोहनलालगंज हत्याकाण्ड मामले में फोरेंसिक जांच की सात रिपोर्ट मिलनी हैं। अभी तक केवल दो रिपोर्ट मिली हैं, जिनके आधार पर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।’ मीडिया के एक तबके में फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के हवाले से अब तक हुई पुलिस जांच को गलत बताए जाने के बारे में पूछने पर कुमार ने कहा, ‘अभी तक जो दो रिपोर्ट मिली हैं, उनसे कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। मगर मैं इतना जरूर कहूंगा कि यह रिपोर्ट किसी भी तरह से पुलिस जांच के उलट नहीं हैं।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।