उत्तर कोरिया सेना ने दी व्हाइट हाउस पर परमाणु हमले की धमकी
(International)
उत्तर कोरिया सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अमेरिका पर कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव भड़काने का आरोप लगाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति के आवास व्हाइट हाउस और रक्षा मंत्रालय पेंटागन पर परमाणु बम से हमले की धमकी दी है। सेना के जनरल पॉलिटिकल ब्यूरो के डायरेक्टर और वाइस मार्शल वांग प्योंग सो ने राजधानी प्योंगयांग में सेना की विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने मिलकर हाल ही में कई युद्धाभ्यास किए। इनमें परमाणु हमले की क्षमता से लैस अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर का इस्तेमाल भी किया गया। हम इसे सियोल और वाशिंगटन की तरफ से भड़काऊ कदम मानते हैं। कोरिया युद्ध (1950-53) को खत्म करवाने वाले समझौते की वर्षगांठ पर रविवार को टीवी पर प्रसारित कार्यक्रम के दौरान वांग ने कहा कि साम्राज्यवादी सोच रखने वाला अमेरिका हमारी संप्रभुता और अस्तित्व को खतरे में डालने वाले कदम उठाता रहता है। हमारे सैनिक व्हाइट हाउस और पेंटागन पर परमाणु बम दागकर सभी बुराइयों के इन स्त्रोतों को खत्म कर देंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।