पुणे: लैंडस्‍लाइड की चपेट में आया पूरा गांव; 5 लोगों की मौत, पहाड़ी के मलबे में करीब 150 लोग फंसे
(Ambegaon, Pune) भारी बारिश के चलते हुए इस लैंडस्‍लाइड के बाद गिरे पहाड़ी के मलबे में इस गांव के 50-60 घर दब गए और करीब 150 लोग फंसे गए हैं। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत होने की खबर है। मलबे से इन पांच लोगों के शव निकाले गए हैं। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते पहाड़ी की मिट्टी काफी गीली हो गई और अचानक चट्टानें खिसकने लगी। भारी बारिश के कारण लैंडस्‍लाइड की यह घटना हुई। लगातार तेज बारिश के चलते अंबे इलाके में पहाड़ी ढह गई और पहाड़ी का हिस्‍सा मालिण गांव में गिरने लगा। इस भीषण लैंडस्‍लाइट के बाद पहाड़ी के मलबे में इस गांव के 50-60 घर पूरी तरह दब गए। मलबे में करीब 150 लोगों के फंसे होने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार, मौके पर बचाव और राहत कार्य जारी है। तेज बारिश के चलते बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। एनडीआरएफ की दो टीमें, एम्‍बुलेंस और जेसीबी मशीनें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। वहीं, रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ की 80 लोगों की टीमें भेजी गई हैं। साथ ही, मौके पर सभी मेडिकल सुविधाएं भी पहुंचाई गई हैं। उधर, मुख्‍यमंत्री पृथ्‍वीराज चव्‍हाण ने बातचीत करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। लोगों को बचाने का काम जारी है। हालांकि पांच लोगों के शव मलबे से निकाले गए हैं। पुणे (ग्रामीण) पुलिस ने कहा कि जिले की अंबेगांव तालुका के मालिन गांव में दर्जनों मकानों में रहने वाले लोग पहाड़ी से खिसकी जमीन के मलबे के नीचे उस समय फंस गए जब वे सो रहे थे। बचाव अभियान अभी जारी हैं। जिला कलेक्टर सौरव राव के अनुसार, प्रशासन ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए बचाव तंत्र को सक्रिय कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। पीड़ितों की तत्काल चिकित्सीय मदद के लिए पास के इलाकों से लगभग 30 एंबुलेंस वहां भेजी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जमीन खोदने वाले सरकारी और निजी उपकरण काम में लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संवाद में परेशानियों और बारिश के कारण अभियान प्रभावित हो रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।