‘भारत के साथ सैन्य संबंधों को बढ़ाने के लिए इच्‍छुक अमेरिका’
(International) प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी बलों के नेतृत्वकर्ता एडमिरल सैमुअज लॉकलियर ने पेंटागन में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम भारत के साथ सैन्य संबंध विकसित करने का इंतजार कर रहे हैं। आज से दो साल पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यह दोहराया था कि हमें भारत के साथ एक दीर्घकालिक, बेहतर और मजबूत संबंध बनाने की जरूरत होगी और इसमें हमारी सेनाओं के बीच सैन्य संबंध भी शामिल हैं। अमेरिकी रक्षामंत्री चक हेगल नई दिल्ली में पांचवीं भारत-अमेरिका रणनीति वार्ता के ठीक बाद यानी अगले माह भारत आने वाले हैं। नई दिल्ली में इस सप्ताह होने वाली इस वार्ता की सहअध्यक्षता अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी और भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज करेंगी। हेगल की भारत यात्रा के बारे में अभी ज्यादा जानकारी तो नहीं दी गई है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इससे दोनों देशों के रक्षा संबंधों को काफी बढ़ावा मिलेगा। लॉकलियर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं चाहूंगा कि वह (हेगल) इस बात को समझें और अपने भारतीय समकक्षों को भी इससे अवगत करायें कि हम दोनों सेनाओं के बीच करीबी संबंध विकसित करने में रुचि रखते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।