(Meerut, UTTARPRADESH)
मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिले में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। हालांकि, मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से दूर है। एसपी (ग्रामीण) एमएम बेग ने कहा कि अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पुलिस की चार टीम काम कर रही है। मुख्य आरोपी को जल्द पकड़ लेंगे। उधर, घटना पर लोगों का गुस्सा सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश सरकार से जल्दी से जल्दी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है वहीं पीड़िता के परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की है। मेरठ के जिला मजिस्ट्रेट पंकज यादव ने बताया कि जिले में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल के साथ आरएएफ की एक कंपनी तैनात की गयी है। हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। 20 साल की युवती को पहले कथित तौर पर अगवा करने और फिर उसके साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में तीन आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने सीबीआई जांच की मांग की। संसद में बीजेपी के गिरिराज सिंह समेत कुछ सदस्यों को उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करते हुए सुना गया। पीड़िता के भाई ने बताया कि निष्पक्ष तफ्तीश के लिए सीबीआई जांच होनी चाहिए और दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाना चाहिए। पीड़िता को अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नीतू यादव की अदालत में पेश किया गया जहां उसने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार सोमवार को पीड़ित युवती के अल्ट्रासाउंड और एक्सरे में गर्भाशय स्पष्ट रूप से नहीं दिखाई पडने पर परिजन और पीड़ित के वकील ने गर्भाशय निकाले जाने की आशंका जताई थी। इस पर अस्पताल के डॉक्टर ने गर्भाशय संबंधी परीक्षण मेडिकल अस्पताल से कराने की सलाह दी थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।