‘गांधी’ फिल्म के निर्माता रिचर्ड एटेनबरा का निधन
(India) इस फिल्म की जहां समीक्षकों ने काफी सराहना की थी वहीं दर्शकों ने भी काफी पसंद किया था। अभिनेता के पुत्र माइकल एटेनबरा ने बताया कि कल दोपहर के भोजन के वक्त उनके पिता का निधन हो गया। उनकी तबियत कुछ समय से ठीक नहीं थी। लॉर्ड एटेनबरा को उनकी फिल्म ‘गांधी’ के लिए अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था। उनके छह दशक लंबे करियर में उनकी यह फिल्म सबसे ज्यादा चर्चित रही। एक सफल निर्देशक बनने से पहले उनकी गिनती ब्रिटेन के प्रमुख अभिनेताओं में होती थी। वे ‘ब्राइटन रॉक’, द्वितीय विश्वयुद्ध के कैदियों पर बनी थ्रिलर फिल्म ‘द ग्रेट एस्केप’ और बाद में काफी पसंद की गयी फिल्म ‘जुरासिक पार्क’ जैसी फिल्मों का हिस्सा बने। उन्हें ‘मिरेकल ऑन थर्टी फोर्थ स्ट्रीट’ की रिमेक में क्रिस क्रिंगल के किरदार के लिए भी जाना जाता है। लेकिन उनकी सबसे बड़ी कामयाबी उनकी फिल्म ‘गांधी’ रही। इस फिल्म ने ‘सर्वश्रेष्ठ फिल्म’ सहित आठ ऑस्कर अपनी झोली में किए। लॉर्ड एटेनबरा अपनी पत्नी के साथ कई साल तक नर्सिंग होम में रहे। छह साल पहले सीढ़ियों से गिरने के बाद उन्हें व्हीलचेयर की मदद लेनी पड़ रही थी। उनके परिवार के आज पूर्ण बयान जारी करने की संभावना है। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ट्वीट किया : फिल्म ‘ब्राइटन रॉक’ में उनका अभिनय लाजवाब था। फिल्म ‘गांधी’ में उनका निर्देशन अभूतपूर्व था - रिचर्ड एटेनबरा सिनेमा की महान शख्सियतों में से हैं। अपने प्रकृतिवादी भाई डेविड एटेनबरा सहित लॉर्ड एटेनबरा ब्रिटेन की जानी मानी शख्सियतों में शुमार थे। उन्होंने महज 12 साल की उम्र में अभिनय की शुरुआत की थी और उन्होंने अपना पहला पेशेवर नाटक 18 साल की उम्र में किया था। उनकी पहली वर्ष 1942 में आई फिल्म ‘इन व्हिच वी सर्व’ थी। वर्ष 1967 में उन्हें सीबीई के तौर पर नियुक्त किया गया था। इसके अलावा उन्हें कई सम्मानों से नवाजा गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।