(Angara, Ranchi)
रकीबुल के घर से तारा शाहदेव से शादी के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। रकीबुल के घर से इन सामानों की बरामदगी के बाद उस पर शिकंजा कसने लगा है। समझा जाता है कि रकीबुल का नेटवर्क शासन व्यवस्था में फैला हुआ है और वह एजेंट के रूप में काम कर रहा था। इस मामले में न्यायधीशों, पुलिस और नेताओं से रकीबुल के संपर्क होने की बात सामने आ रही है। मामले की पेचीदगी को देखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कह चुके हैं कि उनकी सरकार तारा शाहदेव और रंजीत कोहली उर्फ रकीबुल हसन के मामले की सीबीआई जांच करवाने की अनुशंसा करेगी। सोरेन ने कहा कि वह पीड़िता तारा शाहदेव और उसके परिजनों से मिले और उसका पक्ष जानने के बाद उन्होंने इसकी जांच सीबीआई से करवाने की अनुशंसा करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शाहदेव अपने मामले की पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं है और वह बेहतर जांच चाहती है। इसे देखते हुए उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाने का फैसला किया। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि तारा शाहदेव के मामले में अनेक मंत्रियों, आइएएस एवं आइपीएस अधिकारियों, न्यायाधीशों और न्यायिक अधिकारियों के भी शामिल होने की बात सामने आयी है और स्वयं पीड़िता भी पुलिस जांच को नाकाफी मानती हैं, अत: पूरे मामले को जांच के लिए सीबीआई को सौंपने का राज्य सरकार ने फैसला लिया है। कोर्ट ने कोहली और उसकी मां को यहां की स्थानीय अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दिल्ली से दो दिनों पूर्व गिरफ्तार कर यहां लाये गये कोहली और उसकी मां को लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीरज कुमार की अदालत में पेश किया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।