अनिल कपूर की ‘लम्हे’ के रिमेक में काम करना चाहूंगी : सोनम
(India) अपनी आगामी फिल्म ‘खूबसूरत’ के प्रचार के लिये पाकिस्तानी फिल्म अभिनेता फवाद खान के साथ यहां आयी सोनम ने संवाददाताओं से कहा, ‘यदि मुझे अपने पिता अनिल कपूर की किसी फिल्म के रिमेक में काम करने का मौका मिले तो मैं ‘लम्हे’ के रिमेक में काम करना चाहूंगी।’सोनम का कहना है, ‘सांवरिया से लेकर अब तक अपनी सभी फिल्मों में मैंने अलग-अलग किरदार निभाये हैं। मैं किसी एक किरदार में बंध कर नहीं रहना चाहती।’ सोनम ने फिल्म ‘खूबसूरत’ के संगीत के लिये स्नेहा खानविलकर की तारीफ करते हुये कहा कि उन्होंने फिल्म में राजस्थान के लोक संगीत का बेहतर प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि आगामी फिल्म ‘खूबसूरत’ पुरानी ‘खूबसूरत’ से प्रेरित जरुर है, लेकिन इसकी कहानी बिल्कुल अलग है। फिल्म में वह एक फिजियो डॉक्टर ‘मिली’ का किरदार निभा रहीं हैं। मिली आधुनिक लड़की है। जिसके अपनी मां के साथ बेहद दोस्ताना संबंध हैं और वह उन्हें नाम लेकर पुकारती है। फिल्म के अभिनेता फवाद खान का कहना है, ‘बॉलीवुड में यह उनकी पहली फिल्म है। यहां पिछले 100 साल से फिल्में बन रही हैं। यहां का माहौल बहुत अच्छा है और उन्हें लोगों से बेहद प्यार व सहयोग मिला।’ फवाद ने कहा कि पाकिस्तान में उनकी फिल्म ‘खुदा के लिये’ वर्ष 2008 में रिलीज हुई। उसके बाद ‘खूबसूरत’ उनकी पहली फिल्म है। उन्होंने कहा कि एक जैसी भाषा और संस्कृति होने के कारण पाकिस्तान में बॉलीवुड की फिल्में बहुत पसंद की जाती है। वहां का फिल्म उद्योग भी अब तकनीक के मामले में विकसित हो रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।