रायपुर: महिला की मदद से छात्रा को अगवा कर किया गैंगरेप
(CHHATTISGARH, India) रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि शहर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा से बलात्कार के मामले में पुलिस ने चंदन महानंद (22 वर्ष) और छोटू तांडी (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जूली (21 वर्ष) नामक एक महिला को भी गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि गुरूवार को शहर के टिकरापारा क्षेत्र में रहने वाली छात्रा दवाई लेने के लिए घर से निकली तब जूली उसे अपने साथ करीब के मंदिर में ले गई। मंदिर पहुंचने के बाद चंदन और जूली ने छात्रा का अपहरण कर लिया और उसे करीब के भाठागांव ले गए। वहां एक घर में छोटू तांडी पहले से मौजूद था। जूली और चंदन ने छात्रा को छोटू के हवाले किया और वहां से चले गए। छात्रा से साथ मारपीट करने के बाद छोटू ने उससे कथित बलात्कार किया तथा कुछ समय बाद चंदन भी वहां पहुंच गया और उसने भी छात्रा के साथ जबरदस्ती की। उन्होंने बताया कि जब छात्रा की तबीयत बिगड़ी तब आरोपी छात्रा को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। छात्रा ने जब मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी तब पुलिस से शिकायत की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनसे पूछताछ की जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।