मध्‍य प्रदेश: सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत
(Depalpur, Indore) पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि घटना यहां से 15 किलोमीटर दूर ग्राम भोजाखेड़ी (छैगांव) के पास आज तड़के लगभग 3 बजकर 45 मिनट पर उस समय हुई, जब ये लोग कल रात खंडवा जिले के ग्राम काजल्या खेड़ी में आयोजित गरबा में भाग लेकर अपने गांव केदला जागीर (खरगौन जिला) लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में 10 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में दो बच्चे और आठ युवक शामिल हैं। बच्चों की उम्र लगभग आठ साल और युवकों की उम्र 18 से 22 साल के बीच थी। शर्मा ने बताया कि इस हादसे में पिकअप वाहन में सवार 15 अन्य युवक घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को खंडवा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक एवं घायल खरगौन जिले के केदला जागीर गांव से हैं। उन्होंने कहा कि इस पिक अप वाहन को टक्कर मारने वाला ट्रक गेहूं से भरा हुआ था। शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद जिला कलेक्टर महेश अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा व्यवस्था को संभाला। खंडवा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ओ पी जुगतावत ने बताया कि लगभग 15 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से चार की स्थिति नाजुक है और शेष अन्य की हालत खतरे से बाहर है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।