‘सत्यमेव जयते 3’ का आगाज, आमिर ने बताया खेलों का महत्व
(India) इस सत्र के पहली कड़ी में आमिर ने युवाओं से नशीले पदार्थों के बजाय खेलों को अपनी आदत बनाने की अपील करते हुए खेलों के जरिए पुनर्वास पर जोर दिया। पहली कहानी में एक बाल अपराधी अखिलेश के बारे में बताया गया, जो नशीले पदार्थों के सेवन का आदी था। उसे फुटबॉल खेलने की ओर मोड़ा गया तो वह बच्चों को प्रशिक्षण देने लगा। यहां तक कि वर्ष 2010 में उसने ब्राजील में हुए ‘होमलेस वर्ल्डकप’ में कप्तानी भी की।
अगले मेहमान राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल हासिल करने वाली बबिता कुमारी और गीता कुमारी थीं। हरियाणा के सुदूर गांव में जन्मी इन दोनों बहनों ने पेशेवर पहलवान बनने के लिए तमाम बाधाओं के खिलाफ लड़ाई लड़ी।
आमिर ने इसके अलावा भी खेल से जुड़ी कई प्रेरणादायी कहानियों पर प्रकाश डाला। इस शो के अंत में बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल आईं। शो में अंत में यह सवाल पूछा गया कि क्या खेल संघों की शासन व्यवस्था का काम सिर्फ खिलाड़ियों को ही सौंप दिया जाना चाहिए। पहली कड़ी में चर्चा का विषय पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर द्वारा सुझाया गया था। उनका मानना है कि देश के भविष्य के निर्माण में खेल एक अहम भूमिका निभाते हैं।
तेंदुलकर ने ट्विटर पर पोस्ट किया, ‘आमिर के ‘सत्यमेव जयते’ की कड़ी मुझे अतीत में ले गई। स्पोर्ट्स4ऑल देश का भविष्य बदल देगा। मुमकिन है।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।