आज के दिन ही दुनिया से रूखतस हुई थी एक रूहानी आवाज
(India) आज के दिन ही, यानी 24 अक्टूबर 2013 को मन्ना डे ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। मन्ना डे ने बतौर गायक उन्होंने अपने करियर की शुरूआत 1943 में आई फिल्म तमन्ना से की थी। इसमें उनके मामा कृष्ण चंद्र डे ने संगीत दिया था। सुरैया के साथ गाया गया यह गाना जबर्दस्त हिट रहा। 1950 में आई फिल्म मशाल में पहली बार उन्हें अकेले गाने का मौका मिला। गीत के बोल थे ऊपर गगन विशाल और इसे संगीत से संवारा था सचिन देव वर्मन ने। साल 1952 में मन्ना डे ने अमर भूपाली नाम से मराठी और बांग्ला में आई फिल्म में गाना गाया और खुद को एक बंगाली गायक के रूप में स्थापित किया। उन्होंने हिन्दी के अलावा बंगाली, मराठी, गुजराती, मलयालम, कन्नड़ और असमिया भाषा में भी गीत गाए। मन्ना डे केवल शब्दों को ही नहीं गाते थे, बल्कि अपने गायन से शब्द के पीछे छिपे भाव को भी खूबसूरती से सामने लाते थे। शायद यही कारण है कि प्रसिद्ध हिन्दी कवि हरिवंश राय बच्चन ने अपनी अमर कृति मधुशाला को स्वर देने के लिये मन्ना डे का चयन किया। मन्ना डे ने चार हजार से ज्यादा गीतों को अपनी आवाज दी है। वहीं कसमें वादे-प्यार वफा, पूछो न कैसे मैंने रैन बिताई, लागा चुनरी में दाग, आयो कहां से घनश्याम और सुर न सजे ऎसे गीत हैं जिन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी। ऎसा नहीं है कि मन्ना डे सिर्फ गंभीर गीत ही गाते थे, बल्कि दिल का हाल सुने दिल वाला, ना मांगू सोना चांदी और एक चतुर नार जैसे हल्के-फुल्के गीत भी गाए हैं। मन्ना डे ने लोकगीत से लेकर पॉप तक हर तरह के गाने गाए और देश विदेश में संगीत के चाहने वालों को अपना मुरीद बनाया। वर्ष 1953 में उन्होंने केरल की सुलोचना कुमारन से शादी की। 2012 में कैंसर की बीमारी से सुलोचना की मौत हो गई। उनकी दो बेटियां सुरोमा और सुमिता हैं। संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें 1971 में पद्मश्री और 2005 में पद्म विभूषण से नवाजा गया था। साल 2007 में उन्हें प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के अवॉर्ड प्रदान किया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।