खालिस्तान टाइगर फोर्स का कुख्यात आतंकी रमनदीप सिंह गोल्डी गिरफ्तार
(India) गोल्डी वर्ष 2009 में राष्ट्रीय सिख संगत के प्रधान रुलदा सिंह हत्याकांड और पटियाला बम धमाके में मुख्य आरोपी है। पुलिस के मुताबिक वह मलेशिया में छिपा हुआ था, जहां से प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत लाया गया है। बुधवार देर रात पंजाब पुलिस ने चेन्नई एयरपोर्ट पर गोल्डी को गिरफ्त में ले लिया। विमान से ही उसे दिल्ली और फिर सड़क मार्ग से पटियाला लाया गया। गुरुवार को पुलिस ने उसे पटियाला की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस को कुछ दिन पहले गोल्डी के थाईलैंड में होने का सुराग लगा था। डीएसपी आरएस सोहल व इंस्पेक्टर मनदीप सिंह उसकी तलाश में 19 सितंबर से 11 अक्तूबर तक वहां रहे लेकिन गोल्डी वहां से निकलकर मलेशिया चला गया। पुलिस ने वहां भी उसका सुराग लगा लिया और केंद्रीय एजेंसियों और मलेशिया अथॉरिटी से तालमेल कर उसे काबू कर भारत लाया गया। पुलिस के मुताबिक यह गिरफ्तारी काउंटर इंटेलिजेंस ने विदेशों में छिपे आतंकियों को ढूंढने की कवायद के तहत की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।