जेएनयू में पीएचडी की छात्रा से रेप, आरोपी फरार
(DELHI, India) 25 वर्षीय पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने कुछ सप्ताह पहले उसके साथ कुकर्म किया और फिर उसे ब्लैकमेल किया और धमकी भी दी। इस साल जेएनयू में हुई ऎसी यह तीसरी घटना है। पीड़िता मुनिरका की रहने वाली है और उसका यह भी आरोप है कि उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवानी चाही थी, उसका मैडिकल टेस्ट तो हुआ, लेकिन पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं की। अब पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले में जांच शुरू कर दी है। घटना मंगलवार शाम को उस वक्त उजागर हुई जब पीड़िता ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस कंट्रोल रूप में इसकी जानकारी दी। लोकल पुलिस पीडिता को एम्स लेकर गई जहां उसकी मेडिकल जांच की गई। अपने बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी के साथ उसके दोस्ताना संबंध थे और वह कई बार उसके होस्टल के कमरे तक भी आता था। एक दिन उसने रेप करने की कोशिश की और सारा वाक्या फोन में फिल्मा लिया। इसके बाद वह पीड़िता को धमकाने लगा। वह पीड़िता को मुनिरका स्थित अपने फ्लैट पर ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने पुलिस के पास जाने की कोशिश की तो वह उसका करियर बर्बाद कर देगा। पुलिस स्टेशन से सूत्रों ने बताया कि पिछली बार जब पीड़िता ने शिकायत दर्ज की थी तो पुलिस ने आरोपी के माता-पिता को बुलवा कर समझौता करवा दिया था। आरोपी ने पीड़िता से शादी करने का वादा किया था, लेकिन इसके बाद भी वह उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा। परेशान होकर पीड़िता ने मंगलवार दोपहर 2.30 बजे पीसीआर को फोन किया। इसके बाद आरोपी भाग गया। अब उसे पकड़ने के लिए पुलिस की स्पेशल टीम लगाई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पटना का रहने वाला है और पुलिस उसके गांव में भी रेड मार रही है। गौरतलब है कि जेएनयू में इस तरह के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले दो सालों में करीब 35 एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।