संत रामपाल के समर्थकों एवं पुलिस के बीच झड़प, कई जख्मी
(Adampur, Hisar) पुलिस की इस कार्रवाई में रामपाल के कई अनुयायी जख्मी बताए जा रहे हैं। पुलिस पर गोलीबारी किए जाने की भी खबर है। आश्रम के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात है। रामपाल के सतलोक आश्रम के बाहर कई दिनों से घेरा डाले पुलिस आज जब आश्रम में दाखिल होना शुरू हुई, तो उसी वक्त पुलिस और रामपाल के समर्थकों के बीच झड़प होनी शुरू हो गई। रामपाल के समर्थकों ने पुलिस पर पथराव किया जबकि स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। पुलिस की इस कर्रवाई में कई समर्थकों के घायल होने की खबर है। पुलिस आश्रम से संत रामपाल के समर्थकों को निकाल रही है। यही, नहीं आश्रम के अंदर से पुलिस पर गोलीबारी किए जाने की भी खबर है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने कोर्ट में पेश न होने पर संत रामपाल के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अदालत ने रामपाल के खिलाफ 21 नवंबर को पेश होने के लिए सोमवार को नए सिरे से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया। रामपाल दो तिथियों पर अदालत के सामने पेश नहीं हुए। इस बीच, रामपाल के समर्थकों ने दावा किया रामपाल आश्रम में नहीं हैं और उन्हें ‘इलाज’ के लिए हिसार जिले के बरवाला स्थित उनके आश्रम से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। उच्च न्यायालय में दो न्यायाधीशों की पीठ ने एनबीडब्ल्यू जारी करते हुए हरियाणा और पंजाब की सरकारों, केंद्र सरकार तथा चंडीगढ़ प्रशासन को एक बयान दाखिल करने का निर्देश दिया जिसमें रामपाल के अदालत में पेश होने के लिए किये जाने वाले सुरक्षा बंदोबस्त पर हुए खर्च का ब्योरा देने को कहा गया है। न्यायमूर्ति एम जयापॉल और न्यायमूर्ति दर्शन सिंह की पीठ ने आज सुबह पहले राज्य सरकार, न्याय मित्र और बचाव पक्ष के वकील का पक्ष सुनने के बाद अपने फैसले को सुरक्षित रखा था। अदालत ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक तथा गृह सचिव को निर्देश दिया कि 21 नवंबर को अगली सुनवाई के समय अदालत में मौजूद रहें। उच्च न्यायालय द्वारा सुबह फैसला सुरक्षित रखे जाने के कुछ समय बाद सतलोक आश्रम के प्रवक्ता राज कपूर ने दावा किया कि रामपाल को उपचार के लिए एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। रामपाल ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था और पांच नवंबर, 10 नवंबर को तथा आज उच्च अदालत में पेश नहीं हुए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।