संत रामपाल के आश्रम में घुसी पुलिस, आश्रम खाली करने के लिए दी अंतिम चेतावनी
(Adampur, Hisar) पुलिस की इस कार्रवाई में रामपाल के कई अनुयायी जख्मी बताए जा रहे हैं। पुलिस पर गोलीबारी किए जाने की भी खबर है। आश्रम के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सरकार और प्रशासन की आपात बैठक बुलाई है। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने आश्रम खाली कराने की अपनी कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। पुलिस ने संत रामपाल के अनुयायियों को आश्रम छोड़ने के लिए अंतिम हिदायत दी है। इस बीच, हरियाणा के डीजीपी एसएन वशिष्ठ ने कहा कि रामपाल आश्रम में नहीं है और पुलिस आश्रम में मौजूद सभी निर्दोष लोगों को बाहर निकालेगी। वशिष्ठ ने कहा आश्रम पर कार्रवाई खत्म होने के बाद हम पुलिस द्वारा मीडियाकर्मियों को पीटे जाने के मामले को देखेंगे। उन्होंने कहा, 'मीडिया पर हमला करने की कोई मंशा नहीं थी। हम मामले की जांच करेंगे और कार्रवाई करेंगे। हमने घटना को कवर करने के लिए 86 रिपोर्टों को अनुमति दी है।' पुलिस अधिकारी ने कहा कि संत के अनुयायियों की ओर से की गई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वशिष्ठ ने कहा, 'हमने आश्रम से महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। हमने देखा कि आश्रम के अंदर से काफी विरोध किया जा रहा है। दो पुलिसकर्मियों को गोली लगी है। जब तक हम अपराधियों को पकड़ नहीं लेते, हम आराम से नहीं बैठेंगे। आश्रम से पेट्रोल बम, पत्थर, ईंटें और एसिड के पाउच पुलिस पर फेंके जा रहे हैं।'

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।