पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दल को .32 बोर की तीन रिवॉल्वर, 19 एयरगन, दो डीबीबीएल 12 बोर, .315 बोर की दो राइफल, .32 बोर के 28 कारतूस, 12 बोर के 50 कारतूस और .315 बोर के 25 कारतूस मिले हैं। अधिकतर हथियार दो गुप्त कमरों में बोरों और अलमारियों में मिले। आश्रम के बीच में स्वचालित तरीके से उपर नीचे होने वाली एक व्यवस्था है जिसमें रामपाल की कुर्सी मिली है। तलाशी के दौरान एक निजी स्वीमिंग पूल, आधुनिक स्वचालित सीढ़ियां तथा 24 वातानुकूलित कमरे मिले हैं जिनमें एक कमरे में मसाज बेड भी मिला है। तलाशी दल को हेलमेट और लाठियां तथा 20 जोड़ी काले कपड़े और 800 लीटर डीजल से भरे दो टैंक भी मिले। आश्रम में छिपे हुए तीन लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं के जाखली निवासी यादराम, छत्तीसगढ़ निवासी रवि और भिवानी निवासी रमेश के तौर पर की गई है।
किले जैसे लगने वाले आश्रम में उंची उंची दीवारें तथा निगरानी करने के लिए मचान हैं तो निजी कमांडो और सुरक्षाकर्मियों के लिए एक विशेष कक्ष भी है। बड़े क्षेत्र में फैले आश्रम में कई जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई थी। आश्रम में मिले वातानुकूलित कमरों की तुलना किसी आलीशान होटल या फॉर्म हाउस से की जा सकती है जिसमें अत्याधुनिक उपकरणों से युक्त बाथरूम भी मिले हैं। आश्रम में स्थित सत्संग हॉल में 50,000 लोगों के बैठने की क्षमता है। रामपाल एक बुलेट प्रूफ कांच के केबिन से अनुयायियों को प्रवचन देता था। प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी अभियान कुछ दिन और चलेगा क्योंकि आश्रम बहुत बड़े परिसर में फैला है। यहां पूरी तरह तलाशी के लिए करीब 14 फुट गहरे पानी के दो टैंकों को भी खाली किया जाएगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।