आरिफ माजिद को 8 दिसंबर तक एनआई की कस्टडी में भेजा
(India)
मुंबई सेशन कोर्ट ने आईएस की ओर से लड़ने वाले आरिफ माजिद को 8 दिसंबर तक एनआई की कस्टडी में भेजने के आदेश दिए हैं। जिहाद का रास्ता छोड़ भारत लौटे युवक को कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद अदालत ने उसे 8 दिसंबर तक के लिए एनआईए की कस्टडी में भेज दिया। एनआईए ने उसकी 14 दिनों की रिमांड मांगी थी। आपको बता दें कि वापस लौटे आरिफ माजिद को एनआइए ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया था। इससे पहले सीरिया में लड़ाई के दौरान माजिद के मारे जाने की खबर आई थी। गौरतलब है कि आइएस की ऑनलाइन मुहिम से प्रभावित होकर जिहादी गुट में शामिल होने गए मुंबई के चार युवाओं में एक वापस लौट आया था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। लेकिन सूत्रों का कहना है कि तीन अन्य वापस लौटने की फिराक में हैं। माजिद भले ही आइएस के चंगुल से भागने में सफल रहा हो। लेकिन उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। पूछताछ के दौरान वह आइएस में शामिल होने को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है। उसका कहना है कि वह अल्लाह की लड़ाई के लिए गया था। हालांकि एजेंसियों का कहना है कि अगर उसे पछतावा होता तो उसके खिलाफ नरमी बरती जाती। माजिद के सख्त और कट्टर रवैये को देखते हुए एजेंसियां उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की तैयारी कर रही हैं। महाराष्ट्र एटीएस या फिर एनआइए आतंकी गुट में शामिल होने के आरोप में उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज करेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।