काला हिरण शिकार मामले में सलमान को झटका, सजा पर रोक का आदेश खारिज
(DELHI, India) सलमान के खिलाफ राजस्थान सरकार की अर्जी पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए उनकी सजा पर लगी रोक का आदेश खारिज कर दिया है। साथ ही मामले पर फिर से राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई का आदेश दिया है। उल्लेखनीय है कि शिकार मामले को लेकर राजस्थान की एक निचली अदालत ने सलमान को दोषी मानते हुए 5 साल की सजा सुनाई थी। इसके चलते अभिनेता को ब्रिटेन का वीजा नहीं दिया गया था। इस पर अभिनेता ने राजस्थान हाई कोर्ट में गुहार लगाई जहां कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले पर रोक लगा दी थी और विदेश जाने का रास्ता भी साफ कर दिया था। हाई कोर्ट के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए राजस्थान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जिस पर पिछले साल 5 नवम्बर को सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
क्या है मामला
साल 1998 में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान खान और उनके साथी कलाकारों पर काले हिरण के शिकार का मामला दर्ज हुआ था। इसमें सलमान खान मुख्य आरोपी जबकि सैफ अली खान, तब्बू और सोनाली बेन्द्रे सह आरोपी थी। मामले की सुनवाई करते हुए 2006 में निचली अदालत ने सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद कुछ दिनों तक वे जेल में रहे थे। बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।