फिल्म क्वीन में दमदार अभिनय के लिए अभिनेत्री कंगना रनौत को 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ अदाकारा घोषित किया गया है, वहीं हैदर और मैरीकॉम ने भी कुछ खिताब अपने नाम किये हैं। इसमें चैतन्य तम्हाने की कोर्ट सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित की गई। कंगना को 2010 में फिल्म फैशन के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया था। विकास बहल निर्देशित यह फिल्म सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म की श्रेणी में भी नामित थी।कन्नड फिल्म नानू अवनल्ला अवालू में भावनात्मक किरदार अदा करने के लिए विजय को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के खिताब के लिए चुना गया है। भारतीय न्याय व्यवस्था की खामियों पर केंद्रित फिल्म कोर्ट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गयी है। 17 अप्रैल को फिल्म के सिनेमाघरों में प्रदर्शन से पहले यह पुरस्कार मिलने से इसे और अधिक सफलता मिल सकती है।शेक्सपीयर के प्रसिद्ध उपन्यास हेमलेट पर बनी शाहिद कपूर अभिनीत हैदर को भी पांच पुरस्कारों के लिए चुना गया है। विशाल भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के लिए खिताब दिया जाएगा। हालांकि वह फिल्म के निर्देशन के लिए सम्मान हासिल नहीं कर सके और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार बांग्ला फिल्मकार श्रीजीत मुखर्जी की झोली में चला गया।भारद्वाज को हैदर के लिए सर्वश्रेष्ठ संवाद के सम्मान से भी नवाजा जाएगा, वहीं फिल्म के गीत बिस्मिल के लिए सुखविंदर सिंह सर्वश्रेष्ठ पाश्र्वगायक चुने गए हैं। फिल्म को दो अन्य पुरस्कार कोरियोग्राफी और परिधान डिजाइन की श्रेणी में दिये जाएंगे। प्रियंका चोपड़ा अभिनीत मैरीकॉम को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का खिताब दिया जाएगा।सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गीत के हकदार भारद्वाज रहे, वहीं मलयाली फिल्म नाइनटीन ऐटी थ्री के लिए गोपी सुंदर को सर्वश्रेष्ठ पाश्र्व संगीत के राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कत किया जाएगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।