प्रत्युषा के मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपने की जरूरत नहीं-हाईकोर्ट
(India)
बांबे हाईकोर्ट ने गुरुवार को कहा कि प्रत्युषा बनर्जी के मामले की जांच फिलहाल क्राइम ब्रांच को सौंपने की जरूरत नहीं है। मुंबई पुलिस सही दिशा में काम कर रही है। प्रत्युषा की मां सोमा बनर्जी ने याचिका दायर कर मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की थी। उन्होंने बांगुर नगर पुलिस पर आरोप लगाया था कि वह मामले की सही ढंग से जांच नहीं कर रही है। इसलिए उन्हें डर है कि उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल पाएगा। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश एन.एच. पाटिल और न्यायाधीश ए.एम. बदर ने कहा कि मामले की जांच से संबंधित दस्तावेज देखने के बाद नहीं लगता है कि फिलहाल जांच किसी दूसरी एजंसी को सौंपी जानी चाहिए। हमें नहीं लगता कि पुलिस जांच में कोई पक्षपात कर रही है। हालांकि, अदालत ने सोमा की याचिका को लंबित रखा है और बांगुर नगर पुलिस को जांच की प्रगति रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। इस याचिका पर अगली सुनवाई 4 मई को होगी। सोमा के वकील केटी थॉमस ने पुलिस आयुक्त की देखरेख में मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।