अभिनेता ओम पुरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
(India)
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ओम पुरी का दिल का दौरा पड़ने से आज मुंबई में निधन हो गया। अपने दमदार अभिनय और संवाद अदायगी से ओमपुरी ने लगभग तीन दशक से दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है लेकिन कम लोगों को पता होगा कि उन्हें अपनी पहली नौकरी में सिर्फ 5 रुपये मिलते थे। सात साल की उम्र में चाय की दुकान में काम करने से लेकर भारतीय सिनेमा में मशहूर कलाकार के दर्जे तक पहुंचने वाले ओमपुरी की यात्रा बेहद कठिन परिस्थितियों से भरी है। उनकी जीवनी ‘अनलाइकली हीरोरूओमपुरी’ के अनुसार 1950 में पंजाब के अम्बाला में जन्मे इस महान कलाकार का शुरुआती जीवन अत्यंत गरीबी में बीता और उनके पिता को दो जून की रोटी कमाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। ओम पुरी के पूर्व पत्नी नंदिता सी पुरी द्वारा लिखी गई इस किताब में कहा गया है कि टेकचंद (ओमपुरी के पिता) बहुत ही तुनकमिजाज और गुस्सैल स्वभाव के थे और लगभग हर छह महीने में उनकी नौकरी चली जाती थी। उन्हें नई नौकरी ढूंढ़ने में दो महीने लगते थे और फिर छह महीने बाद वह नौकरी भी चली जाती। वे गरीबी के दिन थे जब परिवार को अस्तित्व बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती। रेलवे स्टोर में चोरी के आरोप में पिता के गिरफ्तार होने के बाद ओमपुरी एक चाय की दुकान में हेल्पर के रूप में काम करने लगे ओमपुरी और उनके भाई वेद द्वारा कुछ धन जुटाने के लिए छोटा मोटा काम शुरू करने से पहले उनका परिवार बहुत दिनों तक पड़ोसियों के रहमो करम पर जीवित रहा। ओम पुरी ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि 7 साल की उम्र में वह चाय की दुकान पर ग्लास धोते थे। उस दौरान उन्हें इस काम के लिए 5 रुपये प्रति माह मिला करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता को एक झूठे केस में तीन महीने जेल काटनी पड़ी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।