देवास के जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ दिनेश सूर्यवंशी ने बुधवार को जिले के निजी और शासकीय सभी स्कूलों के प्रिंसिपल को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पद्मावती फिल्म का घूमर गाना नहीं शामिल किये जाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने अपने आदेश में कहा पद्मावती के सम्मान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा इस कार्यालय में आग्रह पत्र प्रस्तुत किया गया है जिसमें विद्यालय के अंतर्गत होने वाले समस्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों में घूमर गाने पर रोक लगाई जाने और हिंदुत्व की भावना को ठेस न पहुंचाने के बारे में कहा गया है। आप अपने विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में घूमर गाने का उपयोग न करें।
इस बीच जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि डीईओ के इस आदेश को तत्काल प्रभार से रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा मुझे इसकी जानकारी आज सुबह ही मिली है। इस प्रकार के निर्देश केवल राज्य सरकार की ओर से ही जारी किये जा सकते हैं। मैंने डीईओ को तुरंत इस आदेश को वापस लेने का कहा है। इसके साथ ही डीईओ को इस मामले में तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने का नोटिस भी दिया गया है।
गौरतलब है कि उज्जैन में बुधवार रात को राजपूत समाज के एक कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चित्तौड़ की रानी पद्मावती के चरित्र से संबंधित पाठ को अगले शैक्षणिक सत्र से मध्यप्रदेश के पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।