अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई में निधन, बॉलिवुड में शोक की लहर
(India) बॉलीवुड की दिग्‍गज अभिनेत्री श्रीदेवी नहीं रहीं। शनिवार (24 फरवरी) को दुबई में कार्डियक अरेस्‍ट के चलते उनका निधन हो गया। वह 54 वर्ष की थीं। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर दोपहर दो बजे मुंबई लाया जाएगा। शाम में उनका अंतिम संस्‍कार होगा। श्रीदेवी को ‘मिस्टर इंडिया’, ‘सदमा’, ‘चालबाज’, ‘चांदनी’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों के लिए जाना जाता है। पद्मश्री से सम्मानित अभिनेत्री की आखिरी फिल्म 2017 में आई ‘मॉम’ थी। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। हिंदी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्‍टार मानी जाने वाली श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शिरकत करने गई थीं। श्रीदेवी और बोनी कपूर की दो बेटियां, जान्‍हवी और खुशी कपूर हैं। उनके अकस्‍मात निधन से बॉलीवुड सदमे में है और हजारों प्रशंसक उनके मुंबई स्थित घर के बाहर जमा हो गए हैं।
राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने श्रीदेवी के निधन के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने ट्वीट किया, ”सिने तारिका श्रीदेवी के निधन की जानकारी पाकर सदमे में हूं। वह अपने लाखों-करोड़ों प्रशंसकों को अकेला छोड़ गईं। मूंद्रम पिराई, लम्‍हे और इंग्लिश विंग्‍लिश जैसी फिल्‍मों में उनका अभिनय अन्‍य अभिनेताओं के लिए प्रेरणादायी है। उनके परिवार व करीबियों के संग मेरी पूरी सहानुभूति है।”

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।