जीएसटी: TV, कंप्यूटर, ऑटो पार्ट्स समेत 23 चीजें होंगी सस्ती, कम हुई टैक्स की दर
(DELHI, DELHI) दिल्ली के विज्ञान भवन में जीएसटी परिषद (GST Council) की 31वीं बैठक वित्त मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitley) की अध्यक्षता में हुई थी । बैठक के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि जीएसटी परिषद ने 23 वस्तुओं और सेवाओं पर जीएसटी कर की दरों में कमी की है। इससे राजस्व पर 5,500 करोड़ रुपये का प्रभाव पड़ेगा।

जेटली ने बताया, बैंकों द्वारा प्राथमिक बचत खातों, प्रधानमंत्री जनधन योजना के खातों पर दी जाने वाली सेवाओं को जीएसटी से मुक्त किया गया है। इसके अलावा सिनेमा के 100 रुपये तक के टिकट पर अब 18 प्रतिशत की बजाय 12 प्रतिशत की जीएसटी; 100 रुपये से ऊपर के टिकट पर 28 प्रतिशत की बजाय 18 फीसदी की जीएसटी दर लगेगी। जेटली ने कहा कि जीएसटी परिषद एक केंद्रीकृत अग्रिम निर्णय प्राधिकरण गठित के प्रस्ताव पर सहमत हुई है। साथ ही नई जीएसटी दरें 1 जनवरी 2019 से लागू होंगी।


गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ दिनों पहले संकेत दिया था कि 99 फीसदी वस्तुओं और सेवाओं को 28 फीसदी की ऊंची स्लैब से बाहर रखा जाएगा। बताया जा रहा था कि वीडियोगेम कंसोल, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डिशवॉशर, टायर, वीडियो कैमरा रिकॉर्डर, मोपेड पर भी जीएसटी में कमी हो सकती है।

पीडब्ल्यूसी इंडिया के अप्रत्यक्ष कर साझेदार सुमित लुंकर ने कहा कि टैक्स में कमी से ग्राहकों को राहत मिलेगी और कंपनियों का कारोबार बढ़ेगा। उम्मीद के मुताबिक बिक्री बढ़ने से सरकार का राजस्व अपनेआप बढ़ेगा।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।