देश में 2040 तक 1.1 अरब हवाई यात्री होने की उम्मीद: मंत्रालय दस्तावेज
(India) देश में 2040 तक हवाई यात्रियों की संख्या करीब छह गुना बढ़कर 1.1 अरब होने की उम्मीद है। वहीं, परिचालन वाले हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर करीब 200 हो सकती है। नागर विमानन मंत्रालय की ओर मंगलवार को जारी दस्तावेज से इसकी जानकारी हुई।

भारत में नागर विमानन उद्योग के लिए विजन 2040 दस्तावेज के मुताबिक, आने वाले समय में देश के पास अपना किराये पर विमान लेने का उद्योग होगा, जिसमें कर संरचना और पट्टे पर देने की प्रक्रिया वैश्विक स्तर के बराबर होगी या फिर उससे भी आकर्षक होगी। दस्तावेज में बताया गया कि 2040 में हवाई यात्रियों की संख्या छह गुना बढ़कर करीब 1.1 अरब होने का अनुमान है। वहीं 2040 में ऐसे करीब 190-200 हवाई अड्डे हो सकते हैं, जिनमें परिचालन हो रहा होगा। देश के शीर्ष 31 शहरों में दो हवाई अड्डे और दिल्ली तथा मुंबई में तीन-तीन हवाई अड्डे हो सकते हैं।

भारत की विमान ऑर्डर बुक सबसे बड़ी है। वर्तमान में 1,000 से ज्यादा विमानों की डिलिवरी लंबित है। बेड़ों में शामिल वाणिज्यिक विमानों की संख्या 2018 में 622 से बढ़कर 2040 में 2,359 हो सकती है। बता दें कि वित्त वर्ष 2017-18 में भारत में हवाई यात्रियों की संख्या 18.7 करोड़ थी, जिन्होंने भारत से बाहर या फिर बाहर से भारत अथवा भारत के अंदर यात्रा की। वहीं भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण 125 से अधिक हवाईअड्डों का परिचालन करता है। भारत सातवां सबसे बड़ा विमानन बाजार है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।