जायरा वसीम ने किया ऐक्टिंग छोड़ने का ऐलान, कहा- 'ईमान से भटक रही थी'
(India)

दंगल गर्ल जायरा वसीम ने काफी कम उम्र और कम समय में ही अपनी दमदार ऐक्टिंग से बॉलिवुड में अपनी अलग पहचान बना ली है। अब वह सोनाली बोस की फिल्म 'द स्काई इज पिंक' में पर्दे पर नजर आएंगी। हालांकि, अब उनके एक पोस्ट ने उनके फैन्स के बीच हलचल मचा दी है। जायरा वसीम के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट किया गया है जिसमें उन्होंने ऐक्टिंग छोड़ने का ऐलान किया है।
जायरा ने लिखा है कि बॉलिवुड में उनके 5 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने बताया है कि कैसे 5 साल पहले लिए गए इस फैसले ने उनकी जिंदगी बदल दी। उनको शोहरत और लोगों का प्यार मिला। हालांकि, उन्हें ये सब कभी नहीं चाहिए था। उन्होंने लिखा है, 'मैं भले यहां फिट हो रही हूं लेकिन मैं यहां की नहीं हूं। यह मुझे मेरे ईमान से दूर कर रहा है।'उन्होंने सोशल मीडिया पर 6 पन्ने की चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने कुरान का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि यह रास्ता उन्हें अल्लाह से दूर कर रहा है। हालांकि सोशल मीडिया पर फैन्स के बीच यह भी चर्चा है कि जायरा ने यह पोस्ट किसी दबाव में लिखा है। बता दें कि 'द स्काई इज पिंक' की शूटिंग खत्म हो चुकी है। इस फिल्म में जायरा वसीम के अलावा प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर भी नजर आएंगे।देखते ही देखते जायरा के पोस्ट की चर्चा सोशल मीडिया पर तेज हो गई। कई लोग उनके सपॉर्ट में आ गए तो कई लोगों ने इसे मुस्लिम महिलाओं के शोषण से जोड़कर देखा। कई लोगों का कहना है कि यह जायरा की चॉइस है, वह जो भी करना चाहें करें।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।