(India)
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार शाम आतंकियों से मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए एक अधिकारी समेत चार जवानों की मंगलवार तड़के इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि मुठभेड़ उस समय हुई जब राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के जवानों ने सोमवार देर शाम डोडा शहर से करीब 55 किलोमीटर दूर देसा वन क्षेत्र के धारी गोटे उरारबागी में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ देर की गोलीबारी के बाद आतंकियों ने भागने की कोशिश की। एक अधिकारी के नेतृत्व में जवानों ने चुनौतीपूर्ण इलाके में घने जंगलों में उनका पीछा किया, जिसके बाद जंगल में एक और मुठभेड़ हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ में पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक अधिकारी समेत चार ने मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आतंकी समूह कश्मीर टाइगर्स ने डोडा हमले की जिम्मेदारी ली है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।