तेलंगाना: दुष्कर्म से बचने के लिए महिला चलती ट्रेन से कूदी
(India) तेलंगाना के हैदराबाद में 23 वर्षीय महिला दुष्कर्म से बचने के लिए चलती ट्रेन से कूद गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सोमवार को ये जानकारी दी। जीआरपी ने बताया कि यह घटना सिकंदराबाद से मेडचल जा रही एमएमटीएस (मल्टी मोडल ट्रांसपोर्ट सर्विस) ट्रेन में शनिवार को हुई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता ने रविवार को पुलिस को दिए बयान में बताया कि 22 मार्च की शाम वह ट्रेन के महिला डिब्बे में यात्रा कर रही थी। उसने बताया कि डिब्बे में सवार दो महिला यात्री अलवल रेलवे स्टेशन पर उतर गईं और वह डिब्बे में अकेले रह गई। उसने बताया कि करीब 25 साल का एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और यौन संबंध बनाने की मांग की। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की जिससे बचने के लिए उसने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। पीड़िता ने कहा कि अगर वह उस व्यक्ति को दोबारा देखेगी तो पहचान सकती हूं | मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला) और धारा 131 (बल प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया है। निजी क्षेत्र में काम करने वाली महिला ने बताया कि वह अपना मोबाइल फोन ठीक करवाने के लिए 22 मार्च को मेडचल से सिकंदराबाद आई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।