फिल्म निर्माता ताहिरा कश्यप को सात साल बाद फिर हुआ ब्रेस्ट कैंसर
(India) फिल्म निर्माता ताहिरा कश्यप ने सोमवार को बताया कि उन्हें दोबारा स्तन कैंसर हो गया है। वे सात साल पहले इस बीमारी से उबर चुकी थीं। अभिनेता आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा को साल 2018 में स्तन कैंसर के स्टेज-0 का पता चला था और उन्होंने 'मास्टेक्टॉमी' कराई थी। 'मास्टेक्टॉमी' एक शल्य प्रक्रिया है जिसमें स्तन कैंसर के इलाज हेतु स्तन को शरीर से हटा दिया जाता है। विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर ताहिरा ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "सात साल बाद फिर से... ये नियमित जांच का असर है या फिर संयोग, मैं इसे नियमित जांच का परिणाम मानना चाहती हूं और दूसरों को भी नियमित 'मैमोग्राम' करवाने की सलाह देती हूं।"
उन्होंने लिखा, "जब जिंदगी नींबू दे तो नींबू पानी बना लो, लेकिन जब जिंदगी उदार होकर बार-बार नींबू फेंके, तो उसे अपने पसंदीदा 'काला खट्टा' में निचोड़कर शांत भाव से पी जाओ।" उन्होंने ये भी लिखा, "क्योंकि एक तो ये एक बेहतर पेय है और दूसरा आप जानते हैं कि आप एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।" आयुष्मान ने उनके कमेंट सेक्शन में लिखा, "मेरी हीरो।" कैंसर से जंग जीत चुकीं अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने कहा, "मैं नि:शब्द हूं और आपके लिए प्रार्थना कर रही हूं।"
ताहिरा कश्यप स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहती हैं और कैंसर से जुड़ी अपने निजी अनुभवों को भी शेयर करती रही हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।