छत्तीसगढ़: महासमुंद में दंपती और उनके दो बच्चों के शव बरामद
(India) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बुधवार को पुलिस ने एक सरकारी आवास से एक सरकारी कर्मचारी, उसकी पत्नी और दो बच्चों के शव बरामद किए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बागबाहरा कस्बे में स्थित हाउसिंग बोर्ड शासकीय कॉलोनी के एक मकान से पुलिस ने बसंत पटेल (41), पत्नी भारती (38), बेटी सेजल (11) और बेटे (चार) के शव बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि पटेल राज्य के आदिम जाति कल्याण विभाग के बागबाहरा विकास खंड कार्यालय में चपरासी के पद पर पदस्थ थे और बागबाहरा कस्बे की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक सरकारी अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि जब पटेल और उनका परिवार सुबह देर तक अपने घर से बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। बाद में पुलिस ने उनके रिश्तेदारों को बुलाया और उनकी मौजूदगी में उनके घर का दरवाजा तोड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि पटेल का शव छत से फंदे से लटका हुआ था और उनकी पत्नी और दो बच्चों के शव बिस्तर पर थे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पटेल ने आत्महत्या करने से पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों को जहर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।