तमिलनाडु में सियासी घमासान, एएमएमके ने टीवीके को समर्थन से किया इनकार
(TAMILNADU, TAMILNADU) तमिलनाडु की राजनीति में उस समय नया मोड़ आ गया जब एएमएमके प्रमुख टी.वी. दिनाकरन ने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को समर्थन देने की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया। दिनाकरन ने साफ कहा कि उनकी पार्टी अब भी एनडीए का हिस्सा है और टीवीके को किसी प्रकार का समर्थन नहीं दिया गया है।

दिनाकरन ने दावा किया कि एएमएमके विधायक एस. कामराज के नाम से जारी किया गया समर्थन पत्र पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए जालसाजी की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

एएमएमके प्रमुख ने बताया कि पार्टी के एकमात्र विधायक एस. कामराज फिलहाल पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में एआईएडीएमके के नव निर्वाचित सदस्यों के साथ मौजूद हैं। वहीं कामराज ने भी कहा कि वे राज्यपाल को पूरे मामले की जानकारी देने पहुंचे हैं।

राज्य में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीती हैं, लेकिन बहुमत से 10 सीटें पीछे रह गई। सरकार बनाने के लिए टीवीके ने डीएमके की सहयोगी पार्टियों सीपीआई, सीपीआई (एम) और वीसीके से समर्थन मांगा है।

सीपीआई और सीपीआई (एम) पहले ही विजय को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी हैं, जबकि वीसीके अपना फैसला शनिवार को सुनाएगी। ऐसे में तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस और बढ़ गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।