CM योगी की प्रदेशवासियों से अपील, वंचित परिवारों की दीपावली भी रोशन करें
(Lucknow, Lucknow) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखकर अयोध्या के दसवें भव्य दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दीपोत्सव को अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और आस्था से विकास की यात्रा का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल दीप प्रज्ज्वलन का पर्व नहीं, बल्कि भारत की सनातन चेतना के पुनर्जागरण और सांस्कृतिक गौरव का महापर्व है।

मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में लिखा कि मां सरयू के तट पर सजी दीपमाला और राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की जगमगाहट ऐसा दृश्य प्रस्तुत करती है, मानो अयोध्या में आकाश गंगा उतर आई हो। ड्रोन के माध्यम से आकाशीय प्रस्तुतियां और कलाकारों की सहभागिता इस महोत्सव को अलौकिक भव्यता प्रदान करती हैं।

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई वंचित परिवार है, तो अपनी सामर्थ्य के अनुसार उसकी दीपावली भी रोशन करें। ऐसे परिवारों को दीये, मिठाइयां और नए वस्त्र भेंट कर उनके जीवन में प्रसन्नता लाएं। उन्होंने कहा कि यही दीपोत्सव की सच्ची भावना है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय कारीगरों के दीप और अन्य उत्पाद खरीदने का भी आग्रह किया, ताकि उनके परिश्रम को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियों में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।

सीएम योगी ने अपनी हार्दिक इच्छा व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों से परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोग प्रभु श्रीराम की पावन नगरी में भव्य दीपोत्सव की दिव्य छटा के साक्षी बनें।

मुख्यमंत्री ने अपनी पाती का समापन जयघोष के साथ किया— सियावर रामचंद्र की जय।

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।