दो दिन अयोध्या में रहेंगे सीएम योगी, दीपोत्सव के कार्यक्रमों में होंगे शामिल
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) 10वें दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन शनिवार और रविवार को अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम के स्वागत से लेकर राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में रामनगरी में परंपरा, आस्था और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर दीपों की रोशनी के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो भी आयोजित होंगे।

झांकियों का अवलोकन और पुष्पवर्षा करेंगे मुख्यमंत्री

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद तीनों स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा। मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

राम की पैड़ी पर सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन

रामकथा पार्क के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां मां सरयू की आरती करेंगे और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दीपों से जगमगाती रामनगरी के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की गाथा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही ड्रोन और लेजर शो का आयोजन भी होगा। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से संबोधन करेंगे।

हरित आतिशबाजी और रामलीला का करेंगे अवलोकन

राम की पैड़ी के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वह दोबारा रामकथा पार्क पहुंचेंगे और रामलीला देखेंगे। रात्रि में उनका सरयू अतिथि गृह में विश्राम प्रस्तावित है।

परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम

10वें दीपोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ आधुनिक तकनीक से जुड़े कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। सरयू आरती, दीप प्रज्ज्वलन, रामलीला, हरित आतिशबाजी, प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो के जरिए अयोध्या में उत्सव का विशेष आयोजन किया जाएगा।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।