ब्रिक्स सम्मेलन में नए विकास बैंक की स्थापना का फैसला
(International)
ब्रिक्स सम्मेलन में 100 अरब डॉलर की शुरुआती अधिकृत पूंजी के साथ नए विकास बैंक की स्थापना का फैसला किया गया है। इस पूंजी के लिए शुरुआती अंशदान में संस्थापक सदस्यों की बराबर भागीदारी होगी। यह फैसला भारत के लिए एक बड़ी जीत माना जा रहा है। भारत इस बात पर जोर देता रहा है कि इस पर किसी भी सदस्य देश का वर्चस्व नहीं हो। बैंक का प्रथम अध्यक्ष भी भारत से होगा। हालांकि, चीन ने बैंक का मुख्यालय शांघाई में बनाए जाने की दौड़ जीत ली जबकि भारत इसे नई दिल्ली में बनाना चाहता था। पांच राष्ट्रों की सदस्यता वाले समूह की शिखर बैठक में बैंक और 100 अरब डॉलर के शुरुआती आकार के साथ एक कंटिजेंसी रिजर्व अरेंजमेंट स्थापित करने का समझौता हुआ। ब्रिक्स विकास बैंक की शुरुआती अंशदान पूंजी 50 अरब डॉलर की होगी। जबकि शुरुआती अधिकृत पूंजी 100 अरब डॉलर होगी जो संस्थापक सदस्य रूस, ब्राजील, चीन, भारत और दक्षिण अफ्रीका बराबर-बराबर साझा करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।