प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विकास पर मंथन करने के लिए शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, वाराणसी के मेयर और तीन विधायक भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने वाराणसी को चमकाने का ब्लू प्रिंट तैयार करने के लिए ज्वाइंट सेक्रेटरी एके शर्मा को प्वाइंट पर्सन बनाया है। सूत्रों के मुताबिक, काशी के विकास के लिए सबसे पहले आधारभूत संरचना तैयार की जाएगी। परम्परागत कुटीर उद्योग के हालात में सुधार लाना मोदी की लिस्ट में सबसे ऊपर है। जिसके तहत बुनकरों को सरकारी मदद दी जाएगी। वाराणसी के विकास प्लान में शहर में उद्योग पार्क का विकास, पर्यटकों को बड़ी संख्या में शहर से जोड़ने की कोशिशें की जाएंगी। सबसे पहले सड़कों को चैड़ा करना और बनाने पर जोर होगा। शहर की सीवर लाइन को दुरुस्त करने के साथ पेयजल की व्यवस्था पर खासा जोर दिया जाएगा। मोदी वाराणसी में विकास के साथ गंगा और शहर की सफाई पर भी खासा ध्यान दे रहे हैं। माना जा रहा है कि मोदी वाराणसी की तस्वीर बदलकर विकास से यूपी का मन मोह लेना चाहते हैं। यूपी में बीजेपी के अभी 73 सांसद हैं और पार्टी राज्य में होने वाले अगले चुनाव में सत्ता चाहती है। ऐसे में बीजेपी वाराणसी में विकास के दम पर प्रदेश के लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाना चाहती है।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।