अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी आज विदेशमंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे। तीन दिन के दौरे पर भारत पहुंचे कैरी अपनी इस बैठक के दौरान कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के अलावा भारत की ओर से कई दूसरे मंत्रालयों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। देश में एनडीए की सरकार बनने के बाद कैरी की ये पहली यात्रा है और दोनों देशों को इस यात्रा से काफी उम्मीदें हैं। भारत रवाना होने से पहले भी कैरी ने कहा था कि 21वीं सदी में भारत और अमेरिका के बीच बेहतर रिश्ते बेहद जरूरी हैं और उनकी पहली प्राथमिकता मोदी सरकार और अमेरिकी सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना होगा। मुलाकात के दौरान बीजेपी नेताओं की जासूसी का मुद्दा भी अमेरिकी विदेश मंत्री के सामने उठाया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद अकबरुद्दीन ने कहा कि इस मसले को लेकर देश में असंतोष है। भारत में जनता के बीच इस मसले को लेकर चिंताओं से अमेरिकी विदेश मंत्री को जानकारी दी जाएगी। गुरुवार को होने वाली पांचवीं सामरिक वार्ता के पहले जान केरी वित्त और रक्षा मंत्री अरुण जेटली से मिलेंगे और फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से उनकी मुलाकात होगी। शुक्रवार को जाॅन केरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। इस बातचीत के पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के साथ बैठक कर रिश्तों के ताजा हाल और सामरिक वार्ता में चर्चा होने वाले मसलों की जानकारी ली।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।