गायब हुई पूरी की पूरी ट्रेन, हाजीपुर स्टेशन पर दिखी थी आखिरी बार
(Barhi, Hazaribag) यह ट्रेन पिछले 14 दिनों से गायब है। एक न्यूज वेबसाइट पर खबर के मुताबिक आखिरी बार इस ट्रेन को हाजीपुर स्टेशन पर देखा गया था और इसके बाद से ही यह ट्रेन कहां गई, किसी को पता नहीं। पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व-मध्य रेलवे के अफसर इस ट्रेन को ढूंढ ढूंढ कर परेशान हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक 25 अगस्त की रात गोरखपुर-नरकटियागंज रूट पर घुघली स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के 9 डिब्बे पलटने से इस रूट की सभी ट्रेनों को देवरिया, छपरा और बनारस रूप पर चलाया गया था। गायब हुई गोरखपुर-मुजफ्फरपुर पैसेंजर ट्रेन भी इस बदले हुए रूट से ही गई थी, लेकिन इंटरलॉकिंग की वजह से यह रूट भी बंद हो गया और ट्रेन को हाजीपुर में ही रद्द करना पड़ा। हाजीपुर में ट्रेन की बोगियां खड़ी कर दी गई। करीब चार दिन बाद जब सब रूट सामान्य हुए तो इस पैसेंजर ट्रेन को फिर से चलाने का फैसला किया गया, लेकिन तभी पता चला कि ट्रेन गायब है। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने किसी तरह 10 बोगियों की व्यवस्था कर पैसेंजर ट्रेन को बहाल तो कर दिया, लेकिन गायब हुई ट्रेन का अभी तक कुछ पता नहीं है।
एेसे हो सकती है गड़बड़-
समस्तीपुर मंडल की एक पैसेंजर ट्रेन रैक मरम्मत के लिए गोरखपुर यार्ड भेजी गई थी, लेकिन यह समय पर नहीं लौट सकती। हो सकता है कि इस दौरान हाजीपुर पहुची गोरखपुर-मुजफ्फरपुर पैसेंजर ट्रेन को वहां के कर्मचारियो ने अपनी ट्रेन समझा हो और संभवत: उसे किसी और रूट पर भेज दिया हो। लेकिन कर्मचारियों ने पूर्वोत्तर रेलवे से संपर्क कर यह जानने का प्रयास नहीं किया कि यह वही रैक है या नहीं। इसी तरह पूर्वोत्तर रेलवे ने भी हाजीपुर से ट्रेन के लौटने पर समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।

Author: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।