ब्रिटेन में एक अनोखी घटना में एक पांच साल के बच्चे को उसके दोस्त की मां ने 15.95 पाउंड (करीब 1493 रुपये) का चालान भेज कर जुर्माना मांगा है। इसका भुगतान नहीं करने पर महिला ने अदालत में मामला ले जाने की चेतावनी भी दी है। क्रिसमस से ठीक पहले अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह में नहीं पहुंचने के कारण बच्चे को यह चालान भेजा गया है। कॉरनवेल के एलेक्स नैश को उसके दोस्त ने जन्मदिन की पार्टी में आमंत्रित किया था। पार्टी डेवोन के प्लाइमाउथ में आयोजित की गई थी। लेकिन, इस पार्टी में जाने की बजाए नैश अपने दादा-दादी के साथ छुट्टियां मनाने चला गया। इसके बाद 15 जनवरी को नैश के माता-पिता को उसके स्कूल बैग में एक लिफाफा मिला। इस लिफाफे में चालान को देखकर नैश के माता-पिता ने शुरुआत में इसे मजाक समझा। लेकिन, सारी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करके भेजे गए इस चालान का भुगतान करने से इन्कार करने के बाद जब महिला ने दावे के लिए अदालत में अपील करने की बात कही तो वे आश्चर्यचकित रह गए। अदालत में ऐसे दावों के लिए अपील करने की फीस 25 पाउंड है।
Author: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।