16 साल बाद मिले दो पर्वतारोहियों के शव
(India)

16 साल पहले हिमालय में हिमस्खलन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले महान पर्वतारोही एलेक्स लो और उनके कैमरामैन डेविड ब्रिजेज के शव मिल गए हैं। पिछले हफ्ते दो पर्वतारोहियों डेविड गोएतलर और उएली स्टेक को दोनों के शव बर्फ में दबे मिले। लो की याद में उनकी पत्नी व दोस्त द्वारा बनाए गए फांउडेशन ने इस जानकारी को साझा किया। अक्टूबर, 1999 में तिब्बत के शिशपांगमा पर्वतश्रेणी (8013 मीटर या 26,335 फीट) पर चढ़ाई करते वक्त इन दोनों की मौत हो गई थी। शिशपांगमा दुनिया की 14वीं सबसे ऊंची चोटी है। इस हादसे में एलेक्स (40) और डेविड (29) की मौत हो गई थी, लेकिन उनके तीसरे साथी कोनार्ड एंकर बच गए थे। कोनार्ड ने बाद में एलेक्स की पत्नी से शादी कर उनके तीनों बच्चों को भी अपना लिया। ये दोनों तभी से नेपाल में ही रहकर स्थानीय मजदूरों को पहाड़ पर चढ़ने की ट्रेनिंग दे रहे हैं। उन्होंने एलेक्स की याद में ही यहां एक सेंटर खोला है। कोनार्ड ने कहा कि यह खबर उनके परिवार के लिए राहत भरी है। वे जल्द ही वहां पर जाकर दोनों के शवों को लेकर आएंगे।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।