मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश के स्थानीय बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह पहल की जा रही है। सरकारी चिकित्सालयों में इस्तेमाल होने वाली बेडशीट, तकिया कवर, गॉज और बैंडेज क्लॉथ की खरीद उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड और यूपिका के माध्यम से की जानी है। इससे स्थानीय बुनकरों की आय बढ़ाने के साथ अस्पतालों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अस्पतालों में वर्तमान में उपयोग किए जा रहे उत्पादों के मानक और नमूने तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। इसके आधार पर हथकरघा निगम निर्धारित मानकों के अनुरूप नए सैंपल तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपेगा, ताकि उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों को यूपिका एवं यूपी हैंडलूम्स के साथ आपूर्ति संबंधी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) और समझौता ज्ञापन (एमओयू) की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही, सरकारी खरीद को जेम (GeM) पोर्टल पर राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित नियमों के अनुसार पारदर्शी और बाधारहित बनाने पर जोर दिया।
बैठक में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर सहित राज्य हथकरघा निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सालयों के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
Digital Desk: Prashant Kumar Singh
CORRECTION:
2026-10-29 11:30:42
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।