रेल ऑपरेशंस में नहीं होगा विदेशी निवेश
(India)
बुलेट ट्रेन पर आने वाली भारी भरकम लागत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच रेलमंत्री सदानंद गौड़ा ने कहा है कि बुलेट ट्रेन प्रॉजेक्ट के लिए पैसा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के जरिए जुटाया जाएगा। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि एफडीआई को इस तरह से पेश किया जाएगा कि वह रेल ऑपरेशंस उसके दायरे में न आए। उन्होंने बढ़े हुए रेल किराए को भी वापस लेने से साफ इनकार कर दिया। लोकसभा में लगभग 10 घंटे तक रेल बजट पर चली चर्चा का जवाब देते हुए रेलमंत्री ने कहा कि यात्री किराए में बढ़ोतरी के बावजूद अब भी रेल के स्लीपर क्लास का किराया, बस के किराए से लगभग तीन गुना कम है। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने बजट के जरिए लोकलुभावन घोषणाएं करने की बजाए चालू प्रॉजेक्टों को जल्द पूरा करने पर ध्यान दिया है। बाद में सदन ने रेलवे की अनुदान मांगों को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों ने ऐसा कोई सुझाव नहीं दिया, जिससे कि रेलवे की आमदनी को बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर कई सदस्यों ने आपत्ति की है लेकिन रेलवे को इस बारे में अच्छा रेस्पांस मिला है। लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता प्राप्त हुई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।