उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में सरस्वती नदी पर बना पुल बहा, 164 श्रद्धालु फंसे
(Rudraprayag, UTTARANCHAL) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में भारी बारिश की वजह से सरस्वती नदी पर बना पुल अचानक बह गया। यह उस वक्त हुआ जब श्रद्धालु केदारनाथ से दर्शन करके लौट रहे थे। अब पुल बहने से नीलटोली में 164 श्रद्धालु फंस गए हैं। उनके जाने का कोई और रास्ता फिलहाल नहीं है। इस बीच जानकारी के मुताबिक खराब मौसम और भारी बारिश के चलते चार धाम यात्रा को रोक दिया गया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा को प्रशासन ने रोक दिया है। उत्‍तराखंड में अगले दो दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गौर हो कि मंगलवार रात से उत्‍तराखंड में भारी बारिश हो रही है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। केदारनाथ के रास्‍ते में मंदाकिनी नदी का जलस्‍तर काफी बढ़ गया है। कुछ इलाकों के लोगों ने खतरे को देखते हुए अपना घर छोड़ दिया है। बारिश की वजह से कई जगहों पर लोग फंसे हुए हैं। कई स्‍थानों पर भूस्‍खलन और भारी बारिश के चलते कई जगहों पर श्रद्धालु फंसे हुए हैं। यह खबर भी है कि बाबा रामदेव गंगोत्री में फंस गए हैं। पिछले साल चार धाम यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु बाढ़ की चपेट में आकर मारे गए थे। इस वजह से प्रशासन ने श्रद्धालुओं को मौसम की दशाओं को लेकर चौकस रहने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरुप हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री तीर्थस्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं से तैयार रहने को कहा है और उन्हें मौसम से जुड़ी ताजा जानकारियां उपलब्ध करा रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।