(India)
निजी क्षेत्र की किसी कंपनी द्वारा एक तिमाही में हासिल किया गया यह रिकार्ड मुनाफा है। रिफाइनिंग मार्जिन बढ़ने के साथ-साथ कंपनी की पेट्रोकैमिकल कारोबार में भी कमाई बढ़ी है। अमेरिका में शेल गैस के कारोबार में भी कंपनी को बढ़त हासिल हुई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार अप्रैल से जून 2014 की तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 13.7 प्रतिशत बढ़कर 5,957 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वर्ष इसी तिमाही में कंपनी ने 5,237 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इस लिहाज से पिछले साल कंपनी ने प्रति शेयर जहां 17.80 रुपये का लाभ कमाया वहीं इस साल तिमाही में यह 20.30 रुपये प्रति शेयर रहा। देश में निजी क्षेत्र में किसी एक तिमाही में एक अरब डॉलर का मुनाफा कमाने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज पहली कंपनी बन गई है। इस दौरान कंपनी का कुल कारोबार 7.2 प्रतिशत बढ़कर 1,07,905 करोड़ रुपये हो गया। आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा, ‘रिलायंस ने इस तिमाही में रिकार्ड एकीकृत शुद्ध लाभ हासिल किया है। क्षेत्रीय स्तर पर रिफाइनिंग मार्जिन कमजोर रहने के बावजूद रिकार्ड मुनाफा हासिल किया गया, इसके लिये रिफाइनरी में योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया।’ आरआईएल ने आलोच्य तिमाही के दौरान 8.7 डालर प्रति बैरल की दर से रिफाइनिंग मार्जिन हासिल किया जो कि पिछले वर्ष इसी तिमाही में 8.4 डालर प्रति बैरल था। रिलायंस जामनगर में एक ही परिसर स्थित दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी चलाती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।